उपरवाह| शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्टेशन मुढ़ीपार के कक्षा 9वीं रिटेल विषय के विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत विषय आधारित फील्ड विजिट कराया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को रिटेल क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना व उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। फील्ड विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय दुकानों का अवलोकन किया। दुकानदार, सेल्समैन व ग्राहकों से सीधे संवाद स्थापित किया। विद्यार्थियों ने स्टोर ऑपरेशन असिस्टेंट के कर्तव्यों, सेल्स पर्सन के कार्यों, ग्राहकों की इच्छाओं व सुविधाओं से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर उन्हें प्राप्त हुआ। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को रिटेल प्रबंधन, ग्राहक सेवा, उत्पाद प्रदर्शन, स्टॉक प्रबंधन तथा व्यवहार कुशलता जैसे विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित हुई। विद्यार्थियों ने प्राप्त जानकारी के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विद्यालय में प्रस्तुत की। प्राचार्य दिलीप कुमार वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण होती है। व्यावसायिक प्रशिक्षक (रिटेल) ऋषभ कुमार यदु के मार्गदर्शन में इस फील्ड विजिट ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं व्यावसायिक समझ को सुदृढ़ किया।


