लुधियाना| मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल, लुधियाना के कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों ने अपने वार्षिक प्रस्तुति समारोह में कला, नृत्य और भावनाओं का अनोखा संगम प्रस्तुत किया। इस वर्ष की कार्यक्रम की थीम मूड वतन नू थी, जो एक युवा की भावनात्मक यात्रा को दर्शाती है। कार्यक्रम में दिखाया गया कि कैसे एक युवा विदेश में कई संघर्षों और कठिनाइयों का सामना करने के बाद अपने वतन लौटकर सुकून और उद्देश्य का अनुभव करता है। इस विशेष अवसर पर कार्यकारी डायरेक्टर श्री गौरव राय, डायरेक्टर डॉ. रूपाली त्रेहन, श्री सिद्धार्थ कालरा, श्री पार्थ कालरा और प्रबंधन के प्रतिष्ठित सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति में संघर्ष, आत्म-खोज और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के भावनात्मक रिश्ते को खूबसूरती से प्रदर्शित किया, जिसे दर्शकों ने सराहा। डायरेक्टर प्रिंसिपल श्रीमती अंजू धवन ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की, अभिभावकों का उनके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और विरासत से जुड़े रहने के महत्व पर जोर दिया। इस भव्य समारोह ने स्कूल के विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को उजागर किया।


