धौलपुर| सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से पीएमश्री महात्मा गांधी सिटी कोतवाली विद्यालय में स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत जिलेभर में स्लोगन लेखन,चित्रकला,नुक्कड ़ नाटक,बाल वाहिनियों की सघन जांच और वाहन चालकों के बीच समझाइश अभियान चलाया जा रहा हैं। मुख्य अतिथि अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले वाहन चलाना कानूनन अपराध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने अभिभावकों को भी नियमों के प्रति जागरुक करने की अपील की हैं। प्रधानाचार्य रमन परमार ने कहा कि विद्यालय में आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को यातायात नियमों की बारीक जानकारी देती हैं और उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का पुष्प व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। साथ ही परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने बाल वाहिनियों के चालकों को वाहन चलाते समय यूनिफॉर्म पहनने,गति सीमित रखने,सभी दस्तावेज पूरे रखने और बिना सहयोगी के वाहन न चलाने की समझाइश दी। उन्होंने विद्यालय बसों का निरीक्षण कर फर्स्ट एड बॉक्स को नियमित रुप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।


