विद्युत निगमों में टेक्नीशियन भर्ती का रिजल्ट जारी:2163 पदों के लिए हुई थी ऑनलाइन परीक्षा, ग्रुप-II और ग्रुप-IV का परिणाम अपलोड

राजस्थान के विद्युत निगमों में टेक्नीशियन-थर्ड (ITI), ऑपरेटर-थर्ड (ITI) और प्लांट अटेंडेंट-थर्ड (ITI) के कुल 2163 पदों पर भर्ती के लिए हुई ग्रुप-II और ग्रुप-IV की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट शुक्रवार, 09 जनवरी को जारी कर दिया गया है। यह ऑनलाइन परीक्षा 24 से 27 नवम्बर 2025 तक राज्य के अलग-अलग जिलों में आयोजित की गई थी। रिजल्ट विद्युत निगमों की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। मुख्य परीक्षा के लिए करीब 10 गुना कैंडिडेट्स को शॉर्टलिस्ट किया गया है। कैंडिडेट्स किसी भी विद्युत निगम की वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके साथ ही मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए भी जानकारी दी गई है।
राज्य के चारों विद्युत निगमों में होगी सीधी भर्ती
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। पहले फेज में मई 2025 में इंजीनियर कैडर की 271 वैकेंसी पर नियुक्तियां दी गई थीं। अब दूसरे फेज में टेक्नीशियन कैटेगरी के 2163 पदों पर डायरेक्ट भर्ती की जा रही है। इनमें राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के 150, जयपुर विद्युत वितरण निगम के 603, अजमेर विद्युत वितरण निगम के 498 और जोधपुर विद्युत वितरण निगम के 912 पद शामिल हैं।
24 से 27 नवम्बर तक दो शिफ्ट में हुई थी परीक्षा
इन पदों के लिए सितंबर 2025 में ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। चार ग्रुप के लिए प्रारंभिक परीक्षा 24 से 27 नवम्बर तक दो शिफ्ट में आयोजित की गई थी। इनमें से ग्रुप-II (इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट) और ग्रुप-IV (वेल्डर, फिटर) की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट अब जारी कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *