कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक कोयला लदा ट्रेलर बेकाबू होकर पलट गया। यह घटना मुड़ापार बायपास रोड के पास हुई, जिसमें चालक और राहगीर बाल-बाल बच गए। पुलिस के अनुसार, ट्रेलर चालक शराब के नशे में था और तेज गति के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। यह मार्ग टीपी नगर, बुधवार फाटक से होते हुए मुड़ापार, अमरियापारा, रामनगर, रेलवे कॉलोनी और इमली डुग्गू फाटक तक जाता है। शहर के बीच से भारी वाहनों के इस परिचालन से सड़क हादसों की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मार्ग का उपयोग रेलवे स्टेशन की दूसरी एंट्री तक पहुंचने के लिए भी किया जाता है। भारी वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण अक्सर नो-एंट्री खुलने पर वाहन सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े हो जाते हैं, जिससे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में परेशानी होती है और कई बार उनकी ट्रेनें छूट जाती हैं। भारी वाहनों के परिचालन पर ट्रक एसोसिएशन का विरोध इस मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन शुरू होने पर ट्रक एसोसिएशन ने भी विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा था कि यदि इस मार्ग पर वाहनों के परिचालन से कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। वार्ड नंबर 26 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने बताया कि उन्होंने पहले भी जिला प्रशासन से भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने की शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि आबादी वाले क्षेत्र से भारी वाहनों की आवाजाही काफी खतरनाक है और इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। कुर्रे ने सुझाव दिया कि जब जिला प्रशासन ने पहले ही बाईपास मार्ग बना दिया है, तो उसे भारी वाहनों के लिए शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि स्कूल, कॉलेज और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों का परिचालन बंद किया जाए।


