​​​​​​​विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से:सोमवार को पेश किया जाएगा अनुपूरक बजट, 11 दिसंबर तक चलेगा सत्र

झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। पहले दिन शोक प्रस्ताव होगा। फिर आठ दिसंबर को अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। सत्र की तैयारी को लेकर गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधि व्यवस्था पर चिंता जताते हुए इस पर विशेष चर्चा की मांग रखी। लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई। स्पीकर ने कहा कि इसे कार्यमंत्रणा समिति को भेजा जाएगा। वहां ही इस पर फैसला होगा। बैठक में शामिल सीपीआई (एमएल) विधायक अरूप चटर्जी और आजसू विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो) ने बताया कि बाबूलाल मरांडी ने शीतकालीन सत्र की अवधि बढ़ाने की भी माग रखी। लेकिन उस पर भी सहमति नहीं बन पाई। कहा गया कि सत्र की निर्धारित अवधि के दौरान ही उसका सदुपयोग किया जाए। निर्मल महतो ने बताया कि बैठक में कंबल वितरण, धान की अब तक खरीदारी शुरू न हो पाने सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ठेकेदारों को भुगतान न होने से काम रुकने और विकास कार्य बाधित होने के मुद्दे भी उठे। ​जानिए…सत्र में कब क्या होगा पहले दिन शोक प्रस्ताव होगा। फिर शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा। आठ दिसंबर को अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। जबकि नौ दिसंबर को प्रश्नकाल और व्यय विवरणी पर वाद-विवाद होगा। 10 दिसंबर को प्रश्नकाल के साथ कुछ विधेयक पेश किए जाएंगे। 11 दिसंबर यानी सत्र के अंतिम दिन गैर सरकारी संकल्प रखे जाएंगे। अगर विधेयकों की संख्या ज्यादा हुई तो उसे भी पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *