विधानसभा शीतकालीन सत्र का पहले दिन:विपक्ष का वॉकआउट… सदन में अपनों से ही घिर गई सरकार

विधानसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन किसानों के खाद संकट के मुद्दे पर विपक्ष सरकार पर हमलावर नजर आया। शून्यकाल शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार खाद संकट पर बात करना चाहते थे, लेकिन संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बांग्लादेश का मुद्दा उठा दिया, जिस पर कांग्रेस ने कहा- सरकार खाद संकट पर चर्चा ही नहीं करना चाहती और कांग्रेस के सभी विधायकों ने वॉकआउट कर दिया। पूर्व मंत्री, खुरई से भाजपा विधायक भूपेंद्र सिंह ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में खुरई के मालथौन में आदर्श काॅन्वेंट स्कूल में आरटीई का पालन नहीं करने सरकारी जमीन पर कब्जा कर स्कूल बनाने और अभिभावकों को परेशान किए जाने का मुद्दा उठाया। भूपेंद्र ने कहा कि डीईओ ने मान्यता रद्द कर दी है, अतिक्रमण हटाने तहसीलदार ने आदेश कर दिए हैं। तमाम नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर भी स्कूल चल रहा है, जनता में इसको लेकर आक्रोश है। स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप ने कहा कि मान्यता रद्द होने के बाद हाईकोर्ट ने स्टे लगा दिया है। हाईकोर्ट का फैसला आने पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वह काफी छोटा स्कूल है, स्थानीय जनता में आक्रोश की बात से मैं सहमत नहीं हूं। भूपेंद्र बोले – गलत सूचना के आधार पर अपमान तो न करें मंत्री के जवाब पर पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा मैं भी मंत्री रहा हूं, अफसरों ने जो जवाब लिखकर दिया, आपने उसे चेक किए बिना सही मानकर पढ़ दिया और मुझे गलत ठहरा दिया। कम से कम मेरा अपमान तो ना करें। मालथौन के ही एक निजी स्कूल में बच्चों के यौन शोषण का मामला सामने आ चुका है, प्रदेशभर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, लेकिन उन पर ठोस कार्रवाई नहीं होती। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने भी भूपेंद्र का समर्थन करते हुए नीमच जिले में फर्जी शैक्षणिक संस्थाओं पर कार्रवाई नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया और इसके लिए सरकार की ओर से नीति बनाने की मांग की। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप ने कहा कि भूपेंद्र सिंह वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं, उनके अपमान का मेरा इरादा नहीं था। शाह और भार्गव ने ली शपथ
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नवनिर्वाचित अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह और बुदनी रमाकांत भार्गव को शपथ दिलाई। कांग्रेस के विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा सदन से अनुपस्थित रहे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा-60 फीसदी किसान नहीं कर पाए बोवनी वॉकआउट से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में खाद संकट के कारण किसानों को बोवनी में आ रही समस्या आ रही है। सरकार पर्याप्त खाद की अव्‍यवस्‍था नहीं कर पाई है बार-बार यूक्रेन युद्ध को इसके लिए जिम्मेदार बताते हैं, इसके बजाए सरकार मैक्सिको, मोरक्को या ब्राजील से खाद क्यों नहीं बुलवाती है। पूरे प्रदेश में खाद की कमी है, लेकिन सरकार इस पर बात ही नहीं करना चाहती। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा इस मुद्दे पर चर्चा लगी है, तय वक्त सदन में चर्चा कराएंगे। । इस बीच संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पाइंट ऑफ इन्फॉर्मेशन का हवाला देते हुए बांग्लादेश के स्थापना दिवस पर भारतीय सेना के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव बोलना शुरू किया तो विपक्ष के सभी विधायक उठकर सदन से चले गए। प्रश्नकाल में दो प्रश्न ही हो पाए
विधायक सुरेश राजे और जयवर्धन सिंह ने अपने क्षेत्र में हुए कार्यों को लेकर सवाल किए। जयवर्धन सिंह ने मानसून सत्र में राघौगढ़ डिग्री कॉलेज के संबंध में गलत जवाब पेश किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जो कॉलेज सिर्फ डिग्री पाठ्यक्रम चलाता है, वहां सरकार के जबाव में एमए और एमएससी जैसे पीजी पाठ्यक्रम होना बताया गया था। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने स्वीकार किया कि सवाल जिस कॉलेज से जुड़ा था, उसके जबाव में दूसरे कॉलेज की जानकारी दे दी गई थी, इस गलती के लिए जिम्मेदार उच्च शिक्षा विभाग के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि
सदन में 8 भूतपूर्व विधायकों विजय सिंह, कैप्टन जयपाल सिंह,महेश प्रसाद मिश्र, चौधरी गंभीर सिंह, भारत सिंह, आरिफ अकील, बैजनाथ सिंह, नंदराम सोरी भूतपूर्व सांसद प्रभात झा, भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह व एसएम कृष्णा, उद्योगपति रतन नवल टाटा, सिक्किम में शहीद मप्र के जवान और बैगा चित्रकार पद्मश्री जोइया बाई के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *