विधानसभा सत्र के दौरान दिशा की बैठक रखने का विरोध शुरू

भास्कर न्यूज | बालोद बुधवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक हुई। अध्यक्षता सांसद भोजराज नाग ने की। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाएं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर बनाई जाएं। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रतिराम कोसमा ने बैठक पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि विधायकों ने कलेक्टर बालोद को फोन कर इस पर आपत्ति भी दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि बालोद जिले के तीनों विधायक अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा और कुंवर सिंह निषाद विधानसभा सत्र में क्षेत्र के विकास के लिए उपस्थित थे। उसी दौरान दिशा समिति की बैठक रखी गई। यह बैठक कलेक्टर बालोद की मिलीभगत से जानबूझकर उस तारीख पर रखी गई, जब विधायक विधानसभा में व्यस्त रहें। ताकि वे बैठक में शामिल न हो सकें। कोसमा ने आरोप लगाया कि यह साजिश है। इसका मकसद स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और डीएमएफ के कार्यों में हुई गड़बड़ियों को विधायकों से छिपाना है। कोसमा ने कहा कि कलेक्टर को किसी दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्हें निष्पक्ष और निर्भीक होकर काम करना चाहिए, न कि किसी पार्टी कार्यकर्ता की तरह। सांसद को भी दिशा समिति के अध्यक्ष के रूप में निष्पक्ष रहकर जिले के तीनों विधायकों से विचार-विमर्श कर योजनाओं का क्रियान्वयन करना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *