चुनाव के आखिरी दिन प्रचार के दौरान आप विधायक गुरप्रीत गोगी और भाजपा प्रत्याशी शिवानी कुशाग्र के बीच विवाद हो गया। भाजपा प्रत्याशी ने उनके पोस्टर और झंडी हटाने का आरोप लगाया। इस दौरान गोगी ने कहा कि वह खुद उनकी झंडी लगा देंगे। वीरवार को घुमार मंडी में आप विधायक गुरप्रीत गोगी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी शिवानी कुशाग्र वहां समर्थकों संग पहुंची। भाजपा प्रत्याशी शिवानी ने विधायक गोगी से कहा कि उनके समर्थक भाजपा की झंडी निकाल रहे हैं और धक्केशाही की जा रही है। विधायक गोगी ने उन्हें आश्वासन दिया कि आप वर्कर उन्हें परेशान नहीं करेंगे। वह उनकी झंडी खुद लगा देंगे। इसके बाद मामला शांत हुआ। वहीं भाजपा प्रत्याशी शिवानी कुशाग्र ने ऑब्जर्वर पुनीत गोयल को इस संबंध में शिकायत की है।


