भाजपा विधायक गोलू शुक्ला से जुड़ी शुक्ला ब्रदर्स की बस ने बुधवार सुबह फिर एक युवक को टक्कर मार दी। रेलवे माल गोदाम के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार युवक बस के नीचे फंस गया और उसके हाथ पर बस का अगला पहिया चढ़ गया। तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव के अनुसार, हादसा सुबह 10.40 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5-6 के सामने हुआ। बाणगंगा क्षेत्र के कुशवाह नगर निवासी संतोष माणिकराव पंडाग्रे (22) बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। तभी शुक्ला ब्रदर्स की बस (एमपी 09 एफए 8820) के चालक ने लापरवाही से टक्कर मारकर बस का अगला पहिया उसके हाथ पर चढ़ा दिया। युवक को गंभीर हालत में तत्काल एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है। बयान के आधार पर पुलिस ने बस चालक आजाद खान पर केस दर्ज किया है और लाइसेंस जब्त कर जेल भेजा गया है। 5 मिनट मौत से सामना : टक्कर के बाद युवक संतोष का हाथ बस के अगले टायर के नीचे दबा था। वह 5 मिनट तक तड़पते हुए चीख रहा था, लेकिन बस चालक इस दौरान फरार हो गया। मौके पर जुटी भीड़ ने बस को पीछे किया और घायल युवक को बाहर निकाला। इसके बाद बस को आग लगा दी।


