मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस:दशकों से लंबित प्रोजेक्ट की नियमित मॉनिटरिंग कर तय वक्त में कराएंगे पूरा

मप्र में कई दशकों से अटके और देरी से चल रहे राष्ट्रीय स्तर के 101 से अधिक विकास परियोजनाओं का काम अब तेज गति से किया जाएगा। केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश में प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप (पीएमजी) और प्रोएक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन (प्रगति) प्लेटफॉर्म को सक्रिय कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इन प्रोजेक्ट की प्रोग्रेस की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सीएम हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रगति प्लेटफॉर्म से देशभर में अटकी निवेश परियोजनाओं को फिर से सक्रिय कराकर पूरा करके दिखाया है। अब मप्र में भी केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय से बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट का काम तेज गति से किया जाएगा। केंद्रीय प्रोजेक्ट की मप्र में मौजूदा प्रगति सिर्फ 48% है अभी तक मप्र का सिर्फ जबलपुर-गोंदिया गेज परिवर्तन रेल प्रोजेक्ट ही प्रगति प्लेटफार्म की मॉनीटरिंग में शामिल था। अब इसके दायरे में मौजूद सभी प्रोजेक्ट आ जाएंगे। मप्र में वर्तमान में केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों से जुड़े 101 बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इनमें झांसी-सिंगरौली रेल लाइन, इंदौर-मनमाड़ नई रेललाइन, पीएम मित्रा पार्क, भोपाल व इंदौर मेट्रो, केन-बेतवा लिंक और पार्वती कालीसिंध-चंबल लिंक से जुड़े बांध और नहर प्रोजेक्ट शामिल हैं। सीएम ने बताया कि इन प्रोजेक्ट की मौजूदा प्रगति सिर्फ 48% है। प्रगति प्लेटफॉर्म के जरिए इन प्रोजेक्ट को उनकी तय मियाद से भी पहले 100% पूरा किया जाएगा। इसमें राज्य सरकार पूरी मदद करेगी। केंद्र ने मप्र को बताई अपने प्रोजेक्ट से जुड़ी 436 परेशानी, मप्र सरकार ने 432 दूर की सीएस ने बताया कि पीएमजी समीक्षा में केंद्रीय परियोजनाओं के संबंधित 322 समस्याएं चिह्नित की गई थीं। अब तक राज्य सरकार ने 312 का समाधान कर दिया है। प्रगति प्लेटफार्म के जरिए मप्र से जुड़ी 39 परियोजनाओं की समीक्षा की गई, इसमें भी 124 समस्याएं चिन्हित हुईं, जिनमें से राज्य सरकार ने 120 का समाधान कर दिया है। राज्य सरकार ने पीएमजी और प्रगति दोनों की समीक्षा में जो परेशानी आई थी उनका 97% निराकरण कर दिया है। सर्वाधिक 77 सड़क प्रोजेक्ट से जुड़ी थी। इंदौर में 800 करोड़ के अमृत 2.0 का भूमिपूजन इंदौर में अमृत 2.0 प्रोजेक्ट के तहत 800.19 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले कामों का बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भूमिपूजन किया। राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में सीएम ने शुरुआत में भागीरथपुरा हादसे का जिक्र किया। सीएम ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि आप लाशों पर राजनीति करेंगे, तो इंदौर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा हममें से जो लोग गुजर गए हैं, उन्हें बाबा महाकाल अपने चरणों में स्थान दें। सीएम बोले- पीएम मोदी के शब्दों में, हर माहौल में आगे बढ़ने का नाम इंदौर है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के लोग आपदा के समय राजनीति का अवसर तलाशते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *