बुरहानपुर में शनवारा से लालबाग तक 16.82 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सड़क का हाल ही में अनौपचारिक भूमिपूजन हुआ। इस अवसर पर बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस द्वारा दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बयान पर पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया ने शायराना अंदाज में पलटवार किया है। विधायक अर्चना चिटनिस ने किसी का नाम लिए बिना कहा था कि ‘सात साल का इंतजार किया है। अब जनप्रतिनिधि गैर जवाबदार चुने जाएंगे तो उसको तो जनता भी भोगती है, जनप्रतिनिधि भी भोगते हैं। शहर सारा भोगता है।’ उन्होंने आगे कहा कि पिछले सात साल में बुरहानपुर में न तो किसी काम की पूछताछ हुई, न मॉनिटरिंग और न ही उन्हें पूर्णता तक पहुंचाया गया। इससे वह, सांसद और महापौर भी जूझ रहे हैं। चिटनिस ने यह भी बताया कि यह सड़क फोरलेन नहीं थी और पिछले सात साल में जिन्हें इसका रखरखाव करना था, उन्होंने नहीं किया। शेरा भैया बोले- मैं खुश हूं, मेरी बात तो करते हैं
विधायक के इस बयान पर पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं खुश हूं कि वह मेरी बात तो करते हैं। बुराई करते हैं, यकीनन दिल से याद तो करते हैं।’ यह बयान सोशल मीडिया पर खासा वायरल हुआ। विधायक अर्चना चिटनिस का मानना है कि उनके कार्यकाल में बुरहानपुर विधानसभा विकास के मामले में पिछड़ गई थी। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान का इशारा पूर्व विधायक के कार्यकाल की ओर था, जिसमें उन्होंने ‘गैर जवाबदार जनप्रतिनिधि’ चुने जाने के परिणामों पर जोर दिया। 2018 में चुनाव हार गई थीं चिटनिस
दरअसल 2018 के विधानसभा चुनाव में ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया ने उन्हें हराकर जीत हासिल की थी। 2023 में अर्चना चिटनिस ने चुनाव जीतकर वापसी की।


