सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने सागवाड़ा पंचायत समिति सभागार में सागवाड़ा और गलियाकोट ब्लॉक के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सरकार की बजट घोषणाओं के कार्यों की प्रगति और राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण पर चर्चा की गई। विधायक डेचा ने अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं और बजट घोषणाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बजट घोषणा में घोषित हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कई कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को बजट घोषणाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक ने उन पंचायतों के संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए, जहां मनरेगा कार्यों की स्वीकृति के बावजूद श्रमिक नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली और किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों के निर्माण और पैच वर्क में गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


