भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना रमदास के अधीन आते गुरुद्वारा पलाह साहिब के नजदीक रेत से भरे तेज रफ्तार टिप्पर ने एक युवक को कुचल दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह सारी घटना उस समय हुई, जब विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल उक्त जगह पर पहुंचे हुए थे। उनके सामने ही यह सारी घटना हुई। टिप्पर चालक घटना को अंजाम देकर भाग गया जिसे विधायक के गनमैनों की गाड़ी से पीछा करके आधा किलोमीटर दूर जाकर पकड़ लिया। टिप्पर चालक को थाना रमदास की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने टिप्पर को भी कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अमरजीत सिंह निवासी गांव धर्मकोट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं चालक की पहचान सरवन सिंह निवासी मेहता के रूप में हुई है। थाना रमदास के प्रभारी आज्ञापाल सिंह का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया गया है। टिप्पर भी कब्जे में लिया गया है। आरोपी को कल अदालत में पेश किया जाएगा। घटनास्थल पर मौजूद किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता कंवर दलीप सिंह ने पंजाब सरकार की ‘अपना खेत-अपना रेत’ नीति का भी विरोध जताया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद अभी लोगों ने अपना जीवन बसर भी शुरु नहीं किया है और रेत माफियाओं ने अपना काम तेजी से शुरु कर दिया है। गांवों को जाने वाली सड़कें अभी टूटी हुई है और टिप्पर आंधी की तरह यहां से रेत लेकर निकलते हैं। उन्होंने कहा कि किसान मजदूर संघर्ष कमेटी का यहां 24 घंटे लंगर चल रहा है और इस समय में वह यही सब देखते है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से रेत माफियाओं ने रेत उठाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए।


