विधायक ने अधूरे डिवाइडर पर नपा को घेरा:राजनीतिक दबाव में सुरक्षा अनदेखी का आरोप, चक्काजाम की चेतावनी

बालाघाट नगरीय क्षेत्र में हनुमान चौक से ओवरब्रिज तक बनने वाले डिवाइडर के अधूरे निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने नगर पालिका (नपा) पर राजनीतिक दबाव में जनता की सुरक्षा की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि डिवाइडर का निर्माण पूरा नहीं किया गया तो चक्काजाम किया जाएगा। यह मामला तब सामने आया जब विधायक अनुभा मुंजारे सरेखा रेलवे ब्रिज का निरीक्षण करने पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि सरेखा ओवरब्रिज निर्माण के बाद ढलान के पास डिवाइडर न होने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं। लोगों ने विधायक को अवगत कराया कि ब्रिज के निकट एक मैरिज लॉन संचालित होता है। आरोप है कि इस लॉन को फायदा पहुंचाने के लिए ब्रिज के पास डिवाइडर बनाने के बजाय उसे हटा दिया गया है और आवागमन का रास्ता दे दिया गया है। अधिकारियों ने राजनीतिक दबाव में निर्माण किया निरीक्षण के बाद विधायक मुंजारे ने कहा कि अधिकारियों ने राजनीतिक दबाव में निर्माण संबंधी दिशा-निर्देशों और नियमावली की अनदेखी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब निकट स्थित हरिमंगलम लॉन को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया है। विधायक ने स्पष्ट किया कि वे किसी तरह की राजनीति नहीं कर रही हैं, बल्कि आमजन से जुड़ी शिकायत के निरीक्षण के लिए आई थीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रिज के निकट डिवाइडर बनाया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि हनुमान चौक से ब्रिज तक पहले कंक्रीट का डिवाइडर बना हुआ था, जिसे तोड़कर अब केवल लोहे की एंगल वाला डिवाइडर तैयार किया गया है। यह नया डिवाइडर भी ओवरब्रिज के ढलान के पास अधूरा छोड़ दिया गया है। इस स्थिति के कारण ब्रिज के पास वाहनों को अचानक दोनों ओर मोड़कर निकाला जा रहा है। इससे तेज गति से आने वाले वाहनों के आपस में टकराने और दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। विधायक ने बताया कि व्यापारियों से लगातार शिकायतें और आपत्तियां आ रही हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *