भास्कर न्यूज | कवर्धा शारदीय नवरात्रि का पर्व इस बार कवर्धा नगरवासियों के लिए एक नया अनुभव लेकर आया। पूरे शहर में नवरात्रि की भव्यता देखने लायक रही, लेकिन सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा यूनियन चौक, जहां यूनियन दुर्गा उत्सव समिति द्वारा मां त्रिपुर सुंदरी ललिताम्बा देवी की प्रतिमा स्थापित की गई है। इस आयोजन की खास बात यह है कि 30 मिनट तक भव्य लाइट शो चला, जिसने श्रद्धा और तकनीक का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। जैसे ही इलेक्ट्रानिक क्रैकर (अनारदाना) और रंग-बिरंगी लाइटों ने एक साथ चौक को रोशन किया, पूरा वातावरण मानो दिव्यता से भर गया। रोशनी की लहरों और आतिशबाजी जैसे दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोग इस क्षण को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे। नई परंपरा की शुरुआत यूनियन दुर्गा उत्सव समिति ने पिछले वर्ष पहली बार इलेक्ट्रानिक क्रैकर का आयोजन किया था, जिसकी बड़ी सराहना हुई थी। इस वर्ष समिति ने इस प्रयोग को और भी भव्य रूप देते हुए लाइट शो जोड़ा। इस पहल ने नवरात्रि के पारंपरिक आयोजनों में आधुनिकता का स्पर्श दिया और एक नई परंपरा की नींव रखी। आधुनिकता का भी संगम यूनियन चौक का आयोजन इस बात का साक्षी बना कि किस तरह भक्ति और तकनीक का संगम किसी पर्व को नई पहचान दे सकता है। भक्तिमय माहौल में जब आधुनिक रोशनी का अद्भुत खेल जुड़ा, तो नवरात्रि का उत्सव एक सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव बन गया। ऐसे में दर्शकों ने आयोजन की सराहना की।


