अंबिकापुर | युवा दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पीजी कॉलेज और शासकीय आईटीआई में आयोजित इन कार्यक्रमों में वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताया। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में युवा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और पूजन से हुआ। प्राचार्य ने एनएसएस स्वयंसेवकों की मांग पर महाविद्यालय परिसर के उद्यान का नाम स्वामी विवेकानंद उद्यान रखने का प्रस्ताव रखा। रामकृष्ण मिशन के संचालक स्वामी तनमयानंद महाराज ने युवाओं को उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको का मंत्र दिया। इस दौरान एनएसएस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पार्षद दीपक यादव और मंत्री प्रतिनिधि मनोज अग्रवाल ने भी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। श्री साईं बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना व स्वीप के तहत युवा दिवस कार्यक्रम मनाया गया। प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि स्वामी जी जब शिकागो धर्म सम्मेलन को संबोधित करने के बाद भारत लौटे और देश का भ्रमण किया तो वह विद्वान से विद्यावान बन चुके थे। उन्होंने जब बहनों और भाइयों का सम्बोधन दिया तो पूरी दुनिया एक परिवार का रूप ले चुकी थी। इस अवसर पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों व अन्य स्टाफ को नशा के खिलाफ शपथ दिलाई।


