विशाल हिन्दू सम्मेलन: सामाजिक चेतना-सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर

भास्कर न्यूज | तमता पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत तमता में शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद जिला कांसाबेल के तमता मंडल अंतर्गत एक विशाल हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र की आठ पंचायतों से बड़ी संख्या में सनातनी बंधु-भगिनी, मातृशक्ति और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक चेतना का विस्तार, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और हिन्दू समाज को संगठित करना रहा। मुख्य अतिथि शुभाषचन्द्र अग्रवाल और मुख्य वक्ता राजेश कुमार अम्बस्थ ने सम्मेलन को संबोधित किया। अम्बस्थ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर देशभर में संचालित सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज को जाति, वर्ग और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एक सूत्र में बंधने की आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक समरसता, संस्कार, सेवा और संगठन को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए समाज को जागृत और एकजुट होने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि शुभाषचन्द्र अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध होता है। उन्होंने विश्व हिन्दू परिषद के सेवा और संगठनात्मक कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भोजराज साहू, रोशन प्रताप सिंह, सीता बाज, जीवन लाल बाज, कमलेश चंद्रा, हटकेश्वर महानंद, सतानंद शर्मा और बैजनाथ नंदे उपस्थित रहे। मंच संचालन लक्ष्मीनारायण यादव ने किया। सम्मेलन में वक्ताओं के विचारों को उपस्थित जनसमूह ने गंभीरता से सुना और सामाजिक एकता व सांस्कृतिक संरक्षण के संकल्प को दोहराया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *