जांजगीर | छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शक्ति जिले में पुलिस द्वारा ‘विश्वास यात्रा’ लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में यह यात्रा जिले के सभी थाना क्षेत्रों के गांव-गांव में पहुँचकर लोगों से संवाद स्थापित कर रही है। 14 सितंबर को यह यात्रा जिले के बडोरा (छपोरा), हनुमंता (बाराद्वार), बंजारी (अड़भार), आमाकोनी (जैजैपुर) जैसे गाँवों में निकाली गई। इससे पहले, 12 सितंबर को भी इसे भातमाहुल, हसौद, मुरलीडीह, जैजैपुर, चंद्रपुर सहित कई अन्य गाँवों में आयोजित किया गया था। पुलिस अधिकारी और जवान सीधे ग्रामीणों से बात कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बना रहे हैं। इस दौरान, जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को कानून, सुरक्षा, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर जानकारी दी जा रही है। इस पहल से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति भय की भावना समाप्त हो रही है और वे बिना झिझक अपनी समस्याएँ और स्थानीय परिस्थितियों को पुलिस के सामने रख पा रहे हैं। पुलिस भी इस पहल को जनता से जुड़ने का एक प्रभावी माध्यम मान रही है। इस ‘विश्वास यात्रा’ को सफल बनाने में थाना प्रभारियों से लेकर सभी पुलिसकर्मी पूरी तत्परता से लगे हुए हैं।


