रायसेन में विश्व दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर बुधवार को रायसेन के खेल स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि अपनी मेहनत और दृढ़ निश्चय से अनेक दिव्यांगजनों ने सफलता के कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कलेक्टर विश्वकर्मा ने दिव्यांगजनों के कौशल एवं सामर्थ्य प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने जोर दिया कि दिव्यांगजनों में कई प्रतिभाएं होती हैं, जिन्हें पहचानने और निखारने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रदर्शित प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि वे सामान्य बच्चों से किसी भी प्रकार से कम नहीं हैं। कलेक्टर ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दिव्यांगजनों से कहा कि निरंतर प्रयास से ही परिणाम मिलते हैं। उन्होंने उन्हें ऐसी गतिविधियों और कार्यक्रमों में लगातार सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया, जिससे उनका उत्साहवर्धन होता है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम में अनेक सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा खेल विभाग के अधिकारी, दिव्यांगजन और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर जिज्ञासा समाज कल्याण सेवा समिति सहित अन्य संस्थाओं के दिव्यांगजनों द्वारा तैयार की गई सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कलेक्टर विश्वकर्मा ने इन सामग्रियों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने दिव्यांगजनों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।


