सिवनी पुलिस रक्षित केंद्र में पुलिसकर्मियों के लिए ध्यान अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, इन सत्रों का उद्देश्य पुलिस जीवन में तनाव प्रबंधन और आत्म-विकास को बढ़ावा देना है। पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील मेहता के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देशन में रक्षित निरीक्षक प्रवीण नायडू इन सत्रों का आयोजन कर रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि ये कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व ध्यान दिवस 21 दिसंबर 2025 के सामूहिक ध्यान कार्यक्रम की तैयारी के मद्देनजर किए जा रहे हैं। शनिवार को द्वितीय अभ्यास सत्र हार्टफुलनेस केंद्र सिवनी की टीम द्वारा आयोजित किया गया। इस टीम में नरेश मिश्रा, पूनमचंद सोनी, सुरेश सोनी और मनीषा तिवारी शामिल थे। जिले के विभिन्न थानों से आए पुलिसकर्मियों ने रक्षित केंद्र सिवनी में हार्टफुलनेस सामूहिक ध्यान अभ्यास में भाग लिया। ये अभ्यास सत्र 21 दिसंबर तक सामूहिक रूप से जारी रहेंगे। इन सत्रों का दीर्घकालिक उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सहज ध्यान अभ्यास से जोड़कर उनके जीवन को स्वस्थ और सरल बनाना है।


