‘वीबीजी रामजी अभियान से ग्रामीण रोजगार को नई दिशा देगा’:बैतूल में खंडेलवाल बोले- 100 की जगह 125 दिन काम, कांग्रेस को ‘राम’ नाम से आपत्ति

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि विकसित भारत गारंटी (वीबीजी) रामजी अभियान ग्रामीण रोजगार और आजीविका मिशन को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब 100 की जगह 125 दिन का रोजगार मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में 20 साल पुरानी कमियां दूर होंगी। खंडेलवाल ने यह बात बैतूल स्थित भाजपा जिला कार्यालय विजय भवन में आयोजित बैतूल विकासखंड सम्मेलन में कही। उन्होंने इस योजना को एक नई साइकिल के समान बताया, जो परिवारों को पुरानी और खस्ताहाल साइकिल की जगह बेहतर विकल्प प्रदान करेगी। उन्होंने जानकारी दी कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण 2025 के तहत गांवों की योजनाएं अब उनकी स्थानीय जरूरतों के अनुसार तय की जाएंगी। इस पहल से किसानों और श्रमिकों दोनों को लाभ मिलेगा। कांग्रेस ने गांधी के नाम पर राजनीति की
खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को इस योजना से इसलिए आपत्ति है क्योंकि उसने 2009 में नरेगा का नाम बदलकर मनरेगा कर दिया था, जिसका उद्देश्य महात्मा गांधी के नाम पर राजनीति करना था। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीजी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार किया है और अब खादी तथा गांधीजी के विचारों को सम्मान मिल रहा है। इस योजना से खेतों में कटाई और बुवाई के समय श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे कृषि लागत में कमी आएगी और मजदूरों का पलायन रुकेगा। जीयो टैगिंग और डिजिटल भुगतान से पारदर्शिता बढ़ेगी, साथ ही रोजगार न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता और भुगतान में देरी होने पर ब्याज की सुविधा भी मिलेगी। पारदर्शिता और रोजगार में वृद्धि होगी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि मनरेगा में पिछले बीस वर्षों में करोड़ों रुपए खर्च हुए, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में यह योजना भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई थी। उइके ने विश्वास जताया कि वीबीजी रामजी अभियान से पारदर्शिता और रोजगार दोनों में वृद्धि होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि यह अधिनियम ग्रामीण अंचल की तस्वीर बदल देगा। रियल टाइम सामाजिक अंकेक्षण से धन के दुरुपयोग पर रोक लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को योजना में केवल “राम” नाम से परेशानी है। जिला संयोजक कृष्णा गायकी ने बताया कि ग्राम, किसान और श्रमिक चौपाल लगाकर ग्रामीणों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष रश्मि साहू ने किया, जबकि आभार टोली सह संयोजक महेश्वर सिंह चंदेल ने व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *