सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची में वात्सल्यम्-2 के तहत ग्रैण्ड पैरेंट्स डे समारोह का आयोजन किया गया। एमपावेरिया भारतीय नारियों की गौरवगाथा विषय पर केंद्रित कार्यक्रम में रथ यात्रा उत्सव को भी मनाया गया। स्कूल के विद्यार्थियों ने नृत्य-गीत संगीत की मोहक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा एक के विद्यार्थियों ने भारतीय इतिहास की महान नारियों की गाथाओं को आत्मीयता व जीवंतता से प्रस्तुत किया। मंच पर मीरा बाई की श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति, नायकी देवी के साहस, रानी राशमोनी के सामाजिक योगदान, जीजा बाई के प्रेरणादायी नेतृत्व, रानी गाइडिन्ल्यू के देशभक्तिपूर्ण योगदान व माता भागो की वीरता की सजीव व सराहनीय प्रस्तुति दी। रथ यात्रा एवं सावन के इस मौसम पर आधारित एक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को परंपरा, भक्ति व उल्लास से ओत-प्रोत कर दिया। मौके पर सरला बिरला विवि के प्रोफेसर डॉ. गोपाल पाठक और प्रिंसिपल परमजीत कौर सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थीं।


