मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन पंजाब जिला तरनतारन की ओर से अपनी मांगों को लेकर सिविल अस्पताल पट्टी में एक रोष रैली का आयोजन किया गया। मनजीत कौर की अध्यक्षता में आयोजित इस रैली में जिले भर से बड़ी संख्या में वर्कर्स ने हिस्सा लिया। महिला वर्कर्स कोऑर्डिनेशन कमेटी की जिला सेक्रेटरी रणजीत कौर, स्त्री मुक्ति मोर्चा की नरिंदर कौर, निर्माण मजदूर यूनियन के कामरेड धर्म सिंह और पेंशनर नेता जगतार सिंह असल ने वर्कर्स के शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। रैली के पश्चात यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री लाल जीत सिंह भुल्लर के निवास स्थान पर पहुंचा और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र (मेमोरेंडम) सौंपा। यूनियन ने मांग की कि मासिक वेतन को 3,000 रुपए से बढ़ाकर 6,000 रुपए किया जाए। सभी वर्कर्स को 5 लाख रुपए का मुफ्त बीमा कवर मिले। कैबिनेट मंत्री लाल जी भुल्लर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा।


