श्रीराम आश्रम पब्लिक स्कूल द मॉल अमृतसर के प्रांगण में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस पूरे गौरव और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल में विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसमें तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और देशभक्ति के जज्बे से सबका मन मोह लिया। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका रही। इस नाटक के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता संग्राम और डॉ. बीआर अम्बेडकर द्वारा संविधान निर्माण की प्रक्रिया को बखूबी दर्शाया गया। स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में सजे नन्हें बच्चों ने न केवल इतिहास को जीवंत किया, बल्कि भारतीय नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का संदेश भी दिया। स्कूल के अध्यक्ष बलबीर बजाज और प्रिंसिपल डॉ. विनोदिता सांख्यान ने कहा कि भारतीय संविधान हमारा मार्गदर्शक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन गरिमामय राष्ट्र गान के साथ हुआ।


