भास्कर न्यूज |अमृतसर पावरकॉम के कंप्लेंट हैंडलिंग कर्मचारियों ने शनिवार को वेतन में देरी को लेकर हाल गेट सिटी सर्किल में बैठक की। सीएचबी कर्मचारियों ने बताया कि पिछले साल नवंबर से वेतन समय पर नहीं मिल रहा। इससे घर चलाना मुश्किल हो गया है। विभाग से कंपनी को पैसे मिल रहे हैं, लेकिन कंपनी वेतन देने में देरी कर रही है। कर्मचारियों ने बिजली मंत्री हरभजन सिंह और पावर कॉरपोरेशन की मैनेजमेंट से समस्या हल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्विघ्न बिजली आपूर्ति देने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं लेकिन समय पर वेतन न मिलने से गुजारा करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी ने जल्द वेतन न दिया तो 18 फरवरी को मोहाली में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर सुखप्रीत सिंह, जसपाल सिंह, जोधा सिंह और हरदीप सिंह समेत कई कर्मचारी मौजूद थे।


