लुधियाना| 3 से 9 फरवरी तक भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। वेद निकेतन धाम पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बाजवा नगर स्थित धाम में 49वें विराट धर्म सम्मेलन-महायज्ञ और श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस सात दिवसीय महोत्सव में देशभर से साधु-संत, महामंडलेश्वर और सनातन धर्म के प्रचारक पहुंच रहे हैं। अनंत विभूति 1008 महामंडलेश्वर स्वामी वेद भारती महाराज के पावन सान्निध्य में इस भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वामी प्रिया भारती, स्वामी अमिता भारती, स्वामी चैतन्य भारती और स्वामी सुगीता भारती ने बताया कि पिछले करीब पांच दशकों से आयोजित हो रहा यह सम्मेलन प्रतिवर्ष और अधिक विराट रूप धारण करता जा रहा है। ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य नरेश बांसल, जोगिंदर क्वात्रा और सुंदर दास मोंगा ने कार्यक्रम की रूपरेखा जारी करते हुए बताया कि 3 से 9 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक प्रख्यात कथा व्यास रविनंदन शास्त्री अपनी अमृतमयी वाणी से भागवत कथा का रसपान कराएंगे। इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ मुख्य यजमान सुनीता रानी, रमेश कुमार, रजनी रानी, सुशील मग्गो, अनीता रानी और तजिंदर कुमार सपरिवार पूजन के साथ करेंगे। आयोजन समिति के सदस्यों साहिल खुराना, ज्ञानचंद अग्रवाल और पुरुषोत्तम दास गुप्ता ने शहरवासियों को इस महायज्ञ में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।


