भास्कर न्यूज | लुधियाना जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी के अंदर और बाहर लगने वाले करीब 2 हजार रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है। ट्रैफिक समस्या और अव्यवस्था को खत्म करने के उद्देश्य से मार्केट कमेटी लुधियाना की ओर से सब्जी मंडी के गेट नंबर-3 पर सभी रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए एक व्यवस्थित स्थान विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए पंजाब मंडी बोर्ड से फंड की मांग की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने बताया कि सब्जी मंडी रोड पर रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है। सड़क के किनारे और मंडी के बाहर-अंदर लगने वाली रेहड़ी-फड़ी के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। नई योजना के लागू होने से यह ट्रैफिक समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। चेयरमैन गिल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत सब्जी मंडी के गेट नंबर-3 के अंदर पर्याप्त जगह तैयार की जाएगी, जहां सभी रेहड़ी-फड़ी वालों को शिफ्ट किया जाएगा। मंडी के अंदर जो अस्थायी फड़ियां लग रही हैं, उन्हें भी हटाकर इसी निर्धारित स्थान पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित जगह पर जल्द ही मिट्टी डालकर जमीन का लेवल किया जाएगा और उसके बाद टाइल्स लगाकर पूरी तरह साफ-सुथरा प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। गुरजीत सिंह गिल ने यह भी बताया कि इस पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत फाइल तैयार कर पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन को लिखित रूप में भेज दी गई है। उम्मीद है कि फंड मंजूर होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। योजना के अनुसार आने वाले दो महीनों के भीतर तैयारियां शुरू कर सब्जी मंडी को एक नया, सुव्यवस्थित और आधुनिक रूप दिया जाएगा।


