वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से हवा हुई ठंडी; कांपा झारखंड:जिलों में मीनिमम टेंपरेचर 10 डिग्री के नीचे, कल से चार दिन तक छाए रहेंगे बादल

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। सर्द हवा के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। स्थिति यह है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री तक कम दर्ज किया जा रहा है। रांची और जमशेदपुर को छोड़ दें तो राज्य के ज्यादातर जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। खूंटी, सिमडेगा, मेदिनीनगर, हजारीबाग समेत कई जिलों में कड़ाके की ठंड का असर साफ दिख रहा है। सुबह और देर रात सर्द हवा चलने से लोगों को ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। ग्रामीण इलाकों में अलाव का सहारा लिया जा रहा है, जबकि शहरों में भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, कल से छाए रहेंगे बादल मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत पूरे झारखंड में 9 फरवरी से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और यह सिलसिला अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि इससे न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 9 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ देश के उत्तरी हिस्से में सक्रिय हुआ है, जिसका असर झारखंड में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बादल छाने के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। बादल हटते ही फिर से ठंड बढ़ सकती है। इस दौरान सुबह के समय कई जिलों में कुहासा छाने की भी संभावना है। हालांकि अगले 24 घंटों में मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है और बारिश की भी कोई संभावना नहीं जताई गई है। रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। अन्य जिलों की बात करें तो गुमला 5.0, खूंटी 5.7, सिमडेगा 6.9, मेदिनीनगर 7.1, हजारीबाग और सरायकेला 8.6, पाकुड़ 9.6 और लोहरदगा में 9.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। बदलते मौसम के बीच अगले कुछ दिनों तक ठंड और कुहासे का असर बना रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *