भास्कर न्यूज | अमृतसर वेस्ट हलके से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बलबीर सिंह बब्बी पहलवान ने ताल ठोक दी है। टिकट के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए 4 जुलाई को एक रैली करने जा रहे हैं, जिसमें पंजाब कांग्रेस प्रधान, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के अलावा सीनियर कांग्रेसी लीडरशिप हिस्सा लेगी। दैनिक भास्कर के साथ खास बातचीत में बब्बी पहलवान ने बताया कि वह शुरू से कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं और उन्होंने कभी भी पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को होने वाली कांग्रेस एकता रैली में पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, ओपी सोनी, हरप्रताप सिंह अजनाला, सुखजिंदर सिंह डैनी और अन्य पहुंच रहे हैं। रैली के दौरान पार्टी नेताओं की कार्रवाईयों से दुखी होकर कांग्रेस छोड़ गए पार्टी वर्करों को दोबारा शामिल कराया जाएगा। इसके अलावा हलके के 9 गांवों की 7 पंचायत के सरपंच और पंच भी रैली में शामिल होंगे। बब्बी पहलवान ने कहा कि उनके साथ पार्टी नेतृत्व खड़ा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार पार्टी उन्हें ही कांग्रेस की टिकट देकर वेस्ट हलके से चुनाव मैदान में उतारेगी। पूर्व विधायक डॉ. राज कुमार वेरका का कहना है कि बब्बी पहलवान उनके भाई हैं। इसलिए वह उनके खिलाफ कोई भी टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि बब्बी पहलवान को कांग्रेस पार्टी ने अटारी हलके का कोआर्डिनेटर लगाया है। पश्चिम हलके में वह खुद बूथ स्तर पर 11-11 सदस्यों की 208 कमेटियों के अलावा छेहर्टा और पुतलीघर ब्लॉक में 31-31 सदस्यों की नियुक्ति कर चुके हैं। ऐसे में पार्टी हाईकमान पर रैली कर बब्बी पहलवान की ओर से अपनी टिकट की दावेदारी करना कहां की समझदारी है?


