शुभेंदु शुक्ला | अमृतसर नगर निगम शहर को बेहतर और स्मार्ट बनाने की तैयारी में जुट गया है। केंद्र सरकार ने 2025-26 की शहरी सुधार योजना के तहत देश के सभी निगमों से डवलपमेंट प्लान मांगा है। इसके बाद अमृतसर निगम ने भी चुपचाप अपनी तैयारी शुरू कर दी। एडिशनल कमिश्नर ने प्लानिंग और बाकी टेक्निकल विभागों को कहा कि 30 जून तक अपना-अपना प्लान तैयार करके जमा करवाएं। अब तक जो प्लान बना है, उसमें करीब 97.27 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट शामिल हैं। निगम का दावा है कि अगर ये काम हो जाते हैं, तो आने वाले वक्त में शहर की शक्ल बदल जाएगी। निगम की ओर से सोमवार को एक और बड़ी मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें ये तमाम प्रोजेक्ट फाइनल करके राज्य सरकार के जरिए केंद्र को भेजे जाएंगे। निगम के सूत्रों की मानें तो पंजाब के शहरों के लिए केंद्र से 1800 करोड़ की ग्रांट मिलने की उम्मीद है। इसी वजह से सभी निगम अपने-अपने डवलपमेंट प्लान बनाकर भेज रहे हैं।


