गिरिडीह | गिरिडीह -पचंबा चौड़ीकरण के लिए नटराज चौक की 24 दुकानों को नगर निगम ने खाली करने का नोटिस जारी किया है। ये दुकानें निगम द्वारा पहले आवंटित की गई थीं। नोटिस मिलने के बाद चैंबर ने उपनगर आयुक्त से मुलाकात की। सर्राफा संघ और अन्य प्रभावित व्यापारियों के साथ निगम कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में चैंबर अध्यक्ष राहुल बर्मन ने मांग रखी कि पहले इन दुकानों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उसके बाद ही दुकानों को खाली कराया जाए। उपनगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि वरीय पदाधिकारियों और विभाग से चर्चा कर ठोस कदम उठाया जाएगा। तब तक इन दुकानों में अतिक्रमण की कार्रवाई नहीं होगी। बैठक में चैंबर सचिव गोपाल दास भदानी, कार्यकारी सदस्य राहुल कुमार और सर्राफा संघ के कई सदस्य मौजूद थे।


