भास्कर न्यूज|रंंका समग्र शिक्षा अभियान के तहत “बैक टू स्कूल” कार्यक्रम का समापन समारोह उत्क्रमित मध्य विद्यालय बघटवा में धूमधाम से संपन्न हो गया। रंका प्रखंड संसाधन केंद्र के बीरबांध संकुल अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बघटवा में समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित बैक टू स्कूल कार्यक्रम का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के संयोजक सदस्य मोहन साह की गरिमामयी उपस्थिति में नव नामांकित छात्र-छात्राओं का स्वागत पुष्प भेंट कर सम्मानपूर्वक किया गया। यह कार्यक्रम न केवल बच्चों को विद्यालय के प्रति आकर्षित करने का प्रयास है, बल्कि शिक्षा के महत्व को जनमानस में पुनः स्थापित करने की एक सशक्त पहल भी है। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में प्रभात फेरी व सामूहिक स्वागत गीत के साथ हुई, जिसमें शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और अभिभावक भी शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बच्चों को विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार व स्वच्छता की प्रेरणा दी। संयोजक सदस्य मोहन साह ने अपने संबोधन में कहा कि “बैक टू स्कूल” कार्यक्रम केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक ऐसा अभियान है, जो समाज के हाशिए पर खड़े बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में ऐसे बच्चों को नामांकित किया गया, जो किसी कारणवश पढ़ाई से वंचित हो गए थे या पहले कभी स्कूल नहीं जा सके थे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक साह ने बताया कि “बैक टू स्कूल” पहल के माध्यम से विद्यालय में नए बच्चों का नामांकन किया गया है। जिसमें कक्षा 6 और वर्ग एक में नामांकन दाखिल किया गया है। विद्यालय की शिक्षिका राम प्रवेश मिस्त्री ने कहा कि नामांकित बच्चों के चेहरे पर शिक्षा प्राप्त करने की खुशी साफ झलक रही है। समापन समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने स्वागत गीत, देशभक्ति नृत्य और लघु नाटिका प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। इस अवसर पर ग्रामीण समाज के विभिन्न वर्गों के अभिभावकों ने भी भाग लिया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। संयोजक सदस्य मोहन साह द्वारा नव नामांकित बच्चों को पुष्प भेंट कर सम्मानित करने की यह पहल अभिभावकों को भी प्रेरित करने वाली रही। उन्होंने यह संदेश दिया कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और समाज के हर नागरिक की यह जिम्मेदारी है कि वह बच्चों को स्कूल में नियमित रूप से भेजे। गढ़वा|परम प्रेम परम दयाल युग पुरुषोत्तम श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के मासिक सत्संग का आयोजन किया गया। राधिका नेत्रालय चिरौंजिया मोड़ स्थित डॉक्टर सुशील प्रसाद के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में सभी धर्म ग्रंथ का पाठ किया गया। इस दौरान सर्वप्रथम श्रीश्री ठाकुर के तस्वीर पर माला अर्पित किया गया। वहीं शंख ध्वनि बंदे पुरुषोत्तम का जय घोष किया गया। सामूहिक प्रार्थना की गई। सत्संग में पलामू प्रमंडल के वरिष्ठ एसपीआर कुलदीप मिश्रा, बंशीधर नगर एसपीआर विजय नंदन सिन्हा, एसपीआर धृति लाल सुंदर आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि सत्संग मनुष्य के जीवन अमृत है। अमृत जीवन में सुख शांति सत्संग में जाने से मनुष्य को मिलता है। सभी मनुष्य को सदगुरु के शरण में रहना चाहिए। दीक्षा ग्रहण करना चाहिए। इस अवसर पर रघुवीर प्रसाद कश्यप, सियाराम पांडेय, अशोक प्रसाद, हरिद्वार प्रसाद केसरी, बिदाराम, शंभू सोनी, राजकुमार, अखिलेश, पायल देवी, सरिता देवी, पूजा कुमारी, पुष्पा कुमारी, अनीता देवी, मालती देवी, सीमा देवी आदि उपस्थित थे। मझिआंव|नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 चंद्री टोला स्थित गायत्री शक्तिपीठ में वैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर हवन यज्ञ, साधना व आरती के बाद भंडारा का आयोजन किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड समन्वयक नागेंद्र सिंह ने बताया कि वैशाख पूर्णिमा सोमवार के दिन सुबह 5:30 बजे आरती के पश्चात 6 बजे साधना 8 बजे हवन यज्ञ व 10 से भंडारा का आयोजन किया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान में कर्मकांड उद्बोधन गढ़वा जिला गायत्री परिवार के प्रबंध ट्रस्टी सह केंद्रीय टोली सदस्य अच्युतानंद तिवारी के द्वारा संपन्न कराया जाएगा। वही ब्रह्मवादिनी टोली में कर्मकांड श्वेता कुमारी, महिमा कुमारी व संगीत की प्रस्तुति मुस्कान कुमारी के द्वारा की जाएगी। यह धार्मिक अनुष्ठान माता जी एवं पूज्य गुरुजी के आशीर्वाद से पिछले 12 वर्षों से अनवरत जारी है और आगे भी कार्यक्रम होता रहेगा। भंडारा में जो श्रद्धालु सहयोग करने की इच्छुक है वे लोग प्रखंड समन्वयक नागेंद्र सिंह के मोबाइल नंबर 8434695656 व उपप्रखंड समन्वयक देवमुनि विश्वकर्मा के मोबाइल नंबर 7250816136 पर संपर्क कर सकते हैं।


