खजूरी गांव में महिला और उसके माता-पिता से युवक ने की मारपीट

भास्कर न्यूज|गढ़वा थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में शनिवार रात एक घटना घटी, जिसमें घरेलू विवाद को लेकर एक युवक ने महिला और उसके माता-पिता के साथ मारपीट की। घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजूरी गांव निवासी कामेश्वर भुईया, उनकी पत्नी कमोदनी देवी 70 वर्ष और बेटी असमति देवी 30 वर्ष मारपीट की घटना में घायल हो गए। कमोदनी देवी ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी बासमती देवी की शादी तीन वर्ष पूर्व पलामू जिले के राजहरा गांव निवासी दीपक नारायण भुईया से हुई थी। शादी के बाद घरेलू विवाद के चलते दोनों के बीच अनबन हो गई और मामला न्यायालय तक पहुंच गया। इसी बीच पलामू जिले के बनुआ गांव निवासी कुलदीप भुईया ने असमति देवी से विवाह करने की इच्छा जताई। परिजनों ने पहले से चल रहे कानूनी विवाद के निपटारे तक इंतजार करने को कहा, लेकिन कुलदीप इस पर तैयार नहीं था। आरोप है कि कुलदीप भुईया जबरन असमति को अपने घर ले जाने का दबाव बना रहा था, लेकिन असमति ने इससे साफ इनकार कर दिया। शनिवार की रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी कुलदीप भुईया घर में घुस आया और असमति देवी के साथ मारपीट करने लगा। शोर सुनकर जब उसके माता-पिता बीच-बचाव के लिए आए तो उन्हें भी बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *