भास्कर न्यूज | अमृतसर इन्विक्टस इंटरनेशनल स्कूल में टेड-एक्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और अतिथियों ने साहस, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विचारों का अनुभव किया। इस आयोजन में राजनीति, उद्यमिता, कला, फैशन, शिक्षा और भावनात्मक कल्याण जैसे विविध क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित वक्ताओं ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। यह कार्यक्रम स्कूल की डायरेक्टर मनजोत ढिल्लों के दूरदर्शी नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर वैश्विक दृष्टिकोण और वास्तविक जीवन की प्रेरणादायक कहानियों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में लेखक और राजनयिक विक्रम ग्रेवाल ने कहानी कहने की कला, पहचान और सांस्कृतिक अनुभवों से जुड़ी जीवन यात्रा पर विचार साझा किए। डिजिटल एजेंसी टॉगलहेड के को-फाउंडर आतिफ भाम ने उद्देश्य-आधारित ब्रांड निर्माण और तेजी से बदलते डिजिटल युग में खुद को ढालने के महत्व पर प्रकाश डाला। एडवेंचरर और फिटनेस उत्साही नीरू सैनी ने अनुशासन, सहनशक्ति और आत्म-प्रेरणा के जरिए विद्यार्थियों को अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने के लिए प्रेरित किया। मॉडल और फैशन इन्फ्लुएंसर गायत्री सासी ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए आत्मविश्वास और दृढ़ता का महत्व बताया। आर्किटेक्ट और उद्यमी हरकरण सिंह बोपाराई ने आध्यात्मिकता, सामाजिक सेवा और उद्यमिता के समन्वय से प्रेरणा दी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध ब्रो आर्टिस्ट सुमन जलाफ ने रचनात्मक उद्यमिता में उत्कृष्टता और लगन की भूमिका को उजागर किया।


