वॉट्सऐप पर खरगोन कलेक्टर की तस्वीर लगाकर ठगे एक लाख:रीवा-मुंबई और दिल्ली से 9 आरोपी पकड़ाए, इनमें दो नाबालिग लड़के भी

वॉट्सऐप प्रोफाइल में खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल की तस्वीर लगाकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 9 सदस्यों को मुंबई, दिल्ली और रीवा से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में मुंबई से मास्टरमाइंड को भी पकड़ा गया है, जिसके खाते में ठगी की ऑनलाइन राशि जमा की गई थी। आरोपियों ने धोखाधड़ी से प्राप्त 1 लाख रुपए रीवा में एटीएम से निकाले थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और जांच जारी है। ये है पूरा मामला कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि यह मामला 25 अक्टूबर को सामने आया था। एक मोबाइल नंबर (+84339410118) से खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल की डीपी लगाकर पैसों की मांग की जा रही थी। मोबाइल नंबर धारक के कहने पर एक बैंक खाते में 1 लाख रुपए जमा कर दिए गए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पहले पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा थाना प्रभारी के अनुसार, जांच में सामने आया कि ठगी के लिए किराए पर बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने सभी संबंधित खातों को फ्रीज कर बैंकों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मुंबई निवासी ग्लोरिया फर्नांडिस के खाते में भी राशि ट्रांसफर होने का पता चला। ग्लोरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि उसने बैंक अकाउंट और एक सिम ऑनलाइन मिले एक दोस्त के कहने पर दिल्ली भेज दी थी। इस संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया था। प्रारंभिक जांच में रीवा में एटीएम से राशि निकालने की जानकारी मिली थी। 12 नवंबर को साइबर सेल और रीवा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो नाबालिगों सहित 6 अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने पंकज पटेल और दीपक पटेल के कहने पर किराए या कमीशन के आधार पर उन्हें बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराए थे। इन आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी इस मामले में अब तक ईस्ट मुंबई निवासी ग्लोरिया फर्नांडिस, रीवा के शिवांश सिंह (पिता ब्रजभान यादव), शिवेंद्र (पिता लल्लन वर्मा), रोहित (पिता विनोद यादव), विनित (पिता विनोद सिंह चौहान, नवल्या थाना जमोडी जिला सीधी, वर्तमान निवासी रीवा), पंकज पटेल (बबनगांव, रीवा), दीपक पटेल (दुआरी, जिला रीवा) और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *