वॉलीबॉल मैच के माध्यम से हेलमेट पहनने का दिया संदेश

भास्कर न्यूज | चतरा सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा दीवानखाना मोहल्ला में वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में किया गया।वॉलीबॉल मैच में दीवानखाना मोहल्ला की जागृति क्लब टीम एवं कुम्हारटोली से अनिल प्रजापति की टीम ने भाग लिया। तीन इनिंग में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में कुम्हारटोली की टीम ने जागृति क्लब को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी छोटू कुमार ने निभाई, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैच के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीम को समाजसेवी ओमप्रकाश पाठक, अभिषेक केसरी एवं पंडित अनिरुद्ध मिश्रा द्वारा ट्रॉफी, हेलमेट एवं वॉलीबॉल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी ओमप्रकाश पाठक ने खिलाड़ियों एवं दर्शकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों एवं दर्शकों ने जिला परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से खेल भावना के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि भविष्य में बाइक चलाते समय वे अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का अवश्य प्रयोग करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *