भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर के दुगरी क्षेत्र में तड़के करीब 5 बजे अचानक बिजली गुल होने से बड़ा नुकसान हो गया। सुबह के समय जब अधिकतर लोग पानी भरने के लिए मोटर चलाते हैं, उसी दौरान बिजली वोल्टेज में भारी उतार-चढ़ाव आया। जैसे ही इलाका निवासियों ने मोटर ऑन की, फेस उड़ने के कारण करीब दस घरों की पानी की मोटरों समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। कई घरों में एलसीडी टीवी और अन्य बिजली उपकरण भी खराब हुए हैं। घटना की गंभीरता का अंदाजा तब हुआ जब शीतला माता मंदिर के सामने स्थित गलाडा मार्केट की एक दुकान में आग लग गई। दुकानदार कृष्णा ने बताया कि उन्हें एक राहगीर ने फोन कर सूचना दी कि उनके साथ वाली दुकान में आग लगी है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान से आग की लपटें निकल रही थीं। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल विभाग ने आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पाया। कृष्णा ने बताया कि उनकी मिठाई की दुकान है, जिसमें गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। यदि समय पर आग पर काबू न पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग से उनकी दुकान की पूरी बिजली वायरिंग जल गई, जिससे अब नई तारें डलवानी पड़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पास के दुकानदार को रात में धुआं निकलने की सूचना दी गई थी, लेकिन उसने इसे मच्छर भगाने के लिए जलाए गए कचरे की आग बताकर टाल दिया। बाद में नारियल के छिलकों ने आग पकड़ ली और इससे बिजली की तारें जल गईं, जिससे आग अंदर तक फैल गई। {इलाका निवासी राजीव सूद ने बताया कि जब उन्होंने सुबह मोटर चलाई तो उसमें से धुआं निकलने लगा। तुरंत स्विच बंद किया, लेकिन कमरे में जाकर देखा तो एलसीडी टीवी से भी धुआं उठ रहा था। वहीं कांता कुमारी और सुनीता रानी ने बताया कि उनकी मोटर, फ्रिज और अन्य उपकरण जल गए, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ और पूरे दिन पानी की समस्या बनी रही। दोपहर 2 बजे के बाद बिजली सप्लाई बहाल हुई। राजीव सूद सुनीता रानीइस संबंध में जेई नितिन ने बताया कि आग लगने से सिंगल फेस की तार जल गई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। फेस उड़ने के कारण वोल्टेज असंतुलित हुआ, जिससे कई घरों की मोटरें जल गईं।


