व्यवस्था दुरुस्त रखें, किसानों को न हो कोई परेशानी: वंदना

नगर पंचायत पटना स्थित धान खरीदी केंद्र में शुक्रवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना रजवाड़े ने निरीक्षण किया। उनके साथ युवा नेता अंशु देवांगन भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान वंदना रजवाड़े ने धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्र में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। किसानों ने धान तौल, भुगतान व अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी साझा की, जिस पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने गंभीरता से ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुविधा न हो। धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित की जाए, ताकि किसानों का समय और श्रम दोनों बच सके। वंदना रजवाड़े ने मौके पर उपस्थित किसानों को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप उनकी उपज की खरीदी समय पर की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान युवा नेता अंशु देवांगन ने भी किसानों से चर्चा कर उनकी बातों को सुना और व्यवस्था में सहयोग का भरोसा दिलाया। निरीक्षण से किसानों में संतोष का माहौल देखने को मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *