भास्कर संवाददाता| सीहोर श्री सत्य साईं यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मेडिकल साइंसेज के स्कूल ऑफ होम्योपैथी में बीएचएमएस सत्र 2025 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम एवं व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति डॉ. मुकेश तिवारी के संरक्षण में हुआ। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. हेमंत शर्मा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय राठौर, प्राचार्य डॉ. अनीस फातिमा एवं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. उमेश पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कुलसचिव डॉ. हेमंत शर्मा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अतिथियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा की गरिमा, अनुशासन एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय राठौर ने कहा कि व्हाइट कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और नैतिकता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से इसे सम्मान और ईमानदारी के साथ धारण करने का आह्वान किया।


