भास्कर संवाददाता | भैरूंदा सांदीपनि विद्यालय में गणित विषय के महत्व को रेखांकित करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंच पर प्राचार्य शैलेंद्र लोया और कन्या उमावि से राकेश श्रीवास्तव व हर्षवर्धन पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा गणित आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई। इसमें दैनिक जीवन में गणित की उपयोगिता, तर्कशक्ति और समस्या समाधान में इसकी भूमिका को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। प्राचार्य शैलेंद्र लोया ने कहा गणित केवल अंकों का विषय नहीं है। यह जीवन को समझने और तार्किक सोच विकसित करने का माध्यम है। गणित के प्रति रुचि विकसित करना उद्देश्य वहीं गणित शिक्षक गणेश यादव ने कहा कि आर्यभट्ट और रामानुजन जैसे महान गणितज्ञों ने भारत को विश्व पटल पर गणित की पहचान दिलाई। राष्ट्रीय गणित दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में रघुवीर राजपूत, संजय श्रीवास्तव, चंद्रकला रायकवार, पल्लवी यादव, पंकज पंवार, जगदीश कहार, मीनू श्रीवास्तव, सत्यनारायण कुशवाह, साक्षी त्रिपाठी, दुर्गा ठाकुर सहित गणित संकाय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


