भास्कर संवाददाता| सीहोर हाउसिंग बोर्ड के पास बन रहे रेलवे ओवरब्रिज से लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। निर्माण कार्य के दौरान पानी की मेन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनी के 253 घरों में पानी की सप्लाई 10 दिन तक बंद रही। नगर पालिका ने मरम्मत का काम शुरू किया, लेकिन लाइनें बुरी तरह टूटी थीं। इन्हें ठीक करने में समय लग गया। सोमवार को जब सप्लाई शुरू हुई, तो नलों से मटमैला पानी आया। इससे रहवासी परेशान हो गए। दीपक पेशवानी और ओपी अग्निहोत्री ने बताया कि लाइन तो ठीक हो गई है, लेकिन काम अभी भी चल रहा है। ऐसे में फिर से लाइन टूटने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। रेलवे ओवरब्रिज का करीब 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। लेकिन नगर पालिका ने पानी की लाइन शिफ्ट नहीं की। कारण यह रहा कि शिफ्टिंग का पैसा जमा नहीं हो सका। इस वजह से लाइन वहीं की वहीं रही और बार-बार टूट रही है। नपा यह देखे कि लीकेज कहां है पूर्व पार्षद मनोज गुजराती ने कहा कि लाइन शिफ्टिंग का काम पहले ही हो जाना चाहिए था। अब जो पानी आ रहा है, वह मटमैला है। नगर पालिका को यह देखना चाहिए कि कहां लीकेज है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कॉलोनी के लोगों की सुविधा के लिए सर्विस रोड भी बनाई जाए, ताकि लोगों को दिक्कत न हो।


