भास्कर न्यूज | जालंधर ऑल इंडिया इंटर-एनआईटी फैकल्टी व स्टाफ खेल टूर्नामेंट का सफल आयोजन डॉ. बी.आर. अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), जालंधर में संपन्न हुआ। चैंपियनशिप के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबलों में हिस्सा लेते हुए बैडमिंटन, टेबल टेनिस और शतरंज के अंतिम नॉकआउट चरण के मुकाबले खेले। टूर्नामेंट के दौरान पुरुष एकल (50 वर्ष से कम एवं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग), मिश्रित युगल तथा महिला युगल वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बैडमिंटन में एनआईटी जालंधर के सौरव गुप्ता और गौरव यादव की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एनआईटी मेघालय के विरोधियों को कड़े मुकाबले के बाद व्यापक अंतर से पराजित किया। बैडमिंटन की 50 वर्ष से कम आयु वर्ग की पुरुष टीम स्पर्धा में एनआईटी दिल्ली ने फाइनल मुकाबले में एनआईटी कालीकट को हराकर जीत दर्ज की। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में एनआईटी जालंधर ने चौथे राउंड में एनआईटी सुरथकल को पराजित किया। इस अवसर पर एनआईटी जालंधर के निदेशक प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया, डीन प्रो. अनीश सचदेवा तथा डीन प्रो. सुभाष चंदर ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल विद्यार्थियों को हार-जीत को स्वीकार करना, अनुशासन बनाए रखना, मानसिक विकास और दूसरों के साथ बेहतर व्यवहार करना सिखाते हैं।


