अलवर। बड़ौदा मेव थाना क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई हाईवे पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर बॉक्स कल्वर्ट में जा घुसी। हादसे में मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बड़ौदा मेव अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक रविंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए बड़ौदा मेव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं घायलों सुभे सिंह, बिट्टू, मनोज और राजेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल अलवर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने शराब का सेवन किया हुआ था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घायल बिट्टू कुमार ने बताया कि घटना शाम करीब 4 बजे की है। वे सभी खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन कर फरिदाबाद लौट रहे थे। अलवर के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और बॉक्स कल्वर्ट में जा घुसी। हादसे के बाद उन्हें होश नहीं रहा और अस्पताल पहुंचने पर होश आया। बताया गया कि पांचों लोग शनिवार को खाटूश्यामजी दर्शन के लिए गए थे और रविवार को वापस लौट रहे थे। कार में बिट्टू, मनोज, सुभे सिंह, राजेंद्र और रविंदर सवार थे।फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।


