ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इन पर शराब के लिए पैसे न देने पर एक घर पर फायरिंग करने का आरोप है। बहोड़ापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की फोर्ट व्यू कॉलोनी निवासी कुश सेंगर ने पुलिस को बताया कि 4 दिसंबर की रात लगभग 11 बजे जब वह दिल्ली में थे, तब साहिल उर्फ शैलेश बाथम ने उन्हें फोन कर शराब के लिए 2000 रुपए फोन पे करने को कहा। कुश ने पैसे देने से इनकार कर दिया। पैसे न देने पर शैलेश ने पांच मिनट में परिणाम भुगतने की धमकी दी। कुछ देर बाद साहिल, शैलेश बाथम और उनके दोस्त शिवांग भार्गव व अन्य कुश के घर पहुंचे। उन्होंने कट्टों से फायर किए। उस समय कुश के माता-पिता घर पर मौजूद थे, जो घटना से बुरी तरह घबरा गए। आरोपियों ने फायरिंग के बाद गाली-गलौज भी की और इस घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत और वायरल वीडियो की जांच के आधार पर साहिल बाथम और शिवांग भार्गव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वायरल वीडियो में दो युवक खुलेआम कट्टा लहराते हुए और आधी रात को दो राउंड फायर करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसकी आवाज वीडियो में साफ सुनाई देती है। वीडियो में आरोपी आपस में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बातचीत करते भी दिख रहे हैं, जो उनकी दबंगई और कानून के प्रति बेखौफ रवैये को दर्शाता है।


