डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसपी मोनिका सैन के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने एक कंटेनर से 15 लाख रुपए की अवैध शराब बरामद की है। थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी की गई। उदयपुर की ओर से आ रहे एक कंटेनर की जांच की। कंटेनर में इलेक्ट्रिक उपकरणों की आड़ में अवैध शराब के 254 कार्टन छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने हरियाणा निवासी कंटेनर ड्राइवर कुलवंत सिंह को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। बिछीवाड़ा पुलिस की पिछले तीन दिनों में शराब तस्करी के खिलाफ चौथी बड़ी कार्रवाई है। इस दौरान पुलिस ने कुल 66 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है और 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।


