शराब घोटाला मामले में एसीबी लगातार पूछताछ के लिए इस मामले से जुड़े लोगों को नोटिस भेज रहा है। लेकिन नोटिस मिलने के बाद भी कई लोग पूछताछ के लिए नहीं आ रहे हैं। एसीबी विभिन्न प्लेसमेंट एजेंसियों व शराब कारोबार से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन लोगों को नोटिस जारी कर चुकी है। लेकिन इनमें से दो चार ही अभी तक एसीबी कार्यालय पहुंचे हैं। सोमवार को भी पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ की प्लेसमेंट एजेंसी एटूजेड इंफ्रा सर्विस के कर्मियों-पदाधिकारियों को बुलाया गया था। लेकिन वे भी एसीबी की पूछताछ में शामिल नहीं हो सके। एसीबी ने रांची के आटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह को दो-दो समन कर बुलाया, लेकिन वे भी एसीबी के सामने उपस्थित नहीं हुए हैं। एसीबी अब विनय सिंह सहित कइयों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है, जो पूछताछ के लिए एसीबी कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। एक और समन के बाद वे नहीं पहुंचेंगे, तो एसीबी उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट तक जारी करवा सकती है। विनय सिंह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव सह जेएसबीसीएल के पूर्व महाप्रबंधक विनय कुमार चौबे के करीबी हैं। उनपर चौबे के काले धन के निवेश संबंधित आरोपों के संदर्भ में एसीबी पूछताछ करना चाहती है। आरोपियों की न्यायिक हिरासत अवधि 23 जून तक बढ़ी शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार आईएएस विनय कुमार चौबे सहित सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत अवधि 23 जून तक बढ़ गई है। सभी पांचों आरोपियों को एसीबी की विशेष अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया था। आईएएस विनय कुमार चौबे व संयुक्त आयुक्त उत्पाद गजेंद्र सिंह को एसीबी ने 20 मई को गिरफ्तार किया था। वहीं, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के महाप्रबंधक वित्त सुधीर कुमार दास, पूर्व महाप्रबंधक वित्त सह अभियान सुधीर कुमार तथा प्लेसमेंट एजेंसी मार्शन के प्रतिनिधि नीरज कुमार की गिरफ्तारी एसीबी ने 21 मई को की थी। इनमें से दो विनय कुमार चौबे व गजेंद्र सिंह को एसीबी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुका है। हालांकि एसीबी को इन दोनों से इस मामले में अब तक कोई कुछ खास इनपुट नहीं मिल सका है। आज हो सकती है वर्तमान व पूर्व आयुक्त से पूछताछ एसीबी ने उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के वर्तमान सचिव मनोज कुमार व पूर्व आयुक्त उत्पाद अमित प्रकाश (अब सेवानिवृत्त) को भी नोटिस किया है। संभावना है कि मंगलवार को एसीबी इन दोनों से पूछताछ कर सकता है। एसीबी इन सभी से धन के निवेश से संबंधित सवाल करना चाहती है।


