शराब दुकान के सेल्समैन पर कातिलाना हमला:बदमाशों ने घेरकर मारी चार गोलियां, एक गोली कंधे में लगी, घायल

ग्वालियर में पिंटो पार्क इलाके में एक शराब दुकान के सेल्समैन पर देर रात चार बदमाशों ने कातिलाना हमला किया। उन्होंने घेरकर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं। इनमें से तीन गोलियां चूक गईं, जबकि एक गोली सीधे सेल्समैन के कंधे में लगी। घटना के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल सेल्समैन को तुरंत निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। शहर के हजीरा चार शहर का नाका निवासी प्रशांत शिवहरे (पुत्र अशोक शिवहरे) पिंटो पार्क सब्जी मंडी के पास स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सेल्समैन के पद पर कार्यरत है। गुरुवार देर रात वह दुकान के पास ट्रांसफार्मर के नजदीक खड़ा था। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। देखते ही देखते बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद के बीच चारों में से एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। एक गोली प्रशांत के कंधे में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। जान बचाने के लिए वह तुरंत दुकान के अंदर झुककर बैठ गया। इसके बाद चली तीन गोलियां उसके आसपास से निकल गईं। शराब दुकान पर हुई फायरिंग से पिंटो पार्क इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर छिपते नजर आए। साथियों ने पहुंचाया हॉस्पिटल पिंटो पार्क में हुई फायरिंग में कंधे में गोली लगने से प्रशांत शिवहरे का लगातार खून बह रहा था। उसकी स्थिति को देखते हुए दुकान में काम करने वाले साथी नवीन, गोलू और मोहित उन्हें तुरंत अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल प्रशांत से बयान दर्ज किया। प्रशांत के बयानों के आधार पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पिंटो पार्क बनता जा रहा बदमाशों का अड्डा गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में स्थित पिंटो पार्क अब बदमाशों का अड्डा बनता जा रहा है। यहां जुआ-खेल, शराबखोरी और मारपीट जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। शाम होते ही क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता है। मामले में सीएसपी मुरार अतुल सोनी ने बताया कि पिंटो पार्क इलाके में एक शराब दुकान के सेल्समैन पर फायरिंग हुई। घायल को उसके साथियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना के आधार पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *