शराब पीकर स्कूल पहुंचे शिक्षक को ग्रामीणों ने घेरा:संकुल समन्वयक ने दर्ज किया बयान, शराबी शिक्षक से ग्रामीण व बच्चे परेशान

सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक में शराब के नशे में धुत होकर शिक्षक स्कूल पहुंचे तो ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुुंच गए और आक्रोश जताया। शिकायत पर संकुल समन्वयक स्कूल पहुंचे और जांच की। मौके पर शिक्षक नशे में धुत पाए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि अकसर शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं। बच्चों के साथ बेवजह मारपीट भी की जाती है। ग्रामीणों ने शिक्षक को हटाने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संकुल समन्वयक ने जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है। मामला लखनपुर ब्लॉक के ग्राम गुमगाराखुर्द अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला बस्ती पारा का है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते आए दिन शराब पीकर स्कूल पहुंचते हैं और उपस्थित पंजीयन में हस्ताक्षर कर घर चले जाते हैं। कई बार नशे की हालत में बच्चों से मारपीट भी करते हैं। सोमवार को नशे की हालत में शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते स्कूल पहुंचे तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्कूल पहुंच गए और सूचना संकुल समन्वयक को दी। नशे की हालत में मिले शिक्षक, भेजी जांच रिपोर्ट
शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते ने स्कूल पहुंचे ग्रामीणों से भीा विवाद किया। ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर नहीं जाने दियां संकुल समन्वयक विनोद गुप्ता सूचना पर स्कूल पहुंचे तो शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते नशे की हालत में मिले। संकुल समन्वयक ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों से पूछताछ कर जांच प्रतिवेदन तैयार करते हुए बीईओ को कार्रवाई की अनुशंसा के साथ भेजा है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते के खिलाफ शराब पीकर आने की शिकायत की गई थी। ग्रामीणों ने स्कूली बच्चों से बेवजह मारपीट करने का भी आरोप लगाया। पहले भी जारी हो चुका है नोटिस
संकुल समन्वयक विनोद गुप्ता ने बताया कि पूर्व में भी शिक्षक शैलेंद्र सिंह पोर्ते को शराब पीकर आने के कारण स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया जा चुका है। उन्हें अवैतनिक भी किया गया था। उक्त शिक्षक को नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा गया था। शिक्षक के शराब पीकर आने को लेकर प्रधान पाठक से पूछा था, लेकिन उन्होंने सही जानकारी नहीं दी। जांच प्रतिवेदन तैयार कर कार्रवाई हेतु खंड शिक्षा अधिकारी को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *