जयपुर में शुक्रवार रात ऑडी कार ने कहर मचा दिया। मानसरोवर के भीड़भाड़ वाले इलाके में 120 की रफ्तार से दौड़ रही ऑडी पहले बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स में घुस गई। वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। कार 16 लोगों को रौंदते हुए एक पेड़ से टकराकर रुकी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, चार लोग गंभीर घायल हैं। जानलेवा रेस की शुरुआत अहिंसा सर्किल से हुई। ऑडी मॉलिक दिनेश रिणवां (32) दोस्तों के साथ खुद की स्कॉर्पियो में सी-स्कीम में शराब पार्टी कर रहा था। कार में बैठे पप्पू चाैधरी, मुकेश काॅन्स्टेबल और मांगी लाल ने दिनेश को ऑडी खरीदने की बधाई दी। रात करीब 8 बजे दिनेश दोस्तों को ऑडी में राइड कराने के लिए सी-स्कीम से पत्रकार कॉलोनी अपने घर ले आया। रात करीब 9.15 बजे स्कॉर्पियो घर पर खड़ी की और ऑडी बाहर निकाली। पत्नी ने पूछा तो जवाब दिया-दोस्तों के साथ खाना खाकर आता हूं। दिनेश और मांगीलाल ऑडी में आगे बैठ गए और मुकेश कांस्टेबल (पुलिस लाइन) और पप्पू चौधरी पीछे बैठ गए। दिनेश ने कार का पिकअप और स्पीड दिखाने के लिए वंदेमातरम सड़क पर कार को तेजी से दौड़ाना शुरू किया। पीछे बैठा पप्पू सामने लोगों की भीड़ देखकर चिल्लाया- कार रोको, मुझे डर लग रहा है। दिनेश ने कार नहीं रोकी और वह वंदे मातरम रोड पर रैश ड्राइविंग करते हुए निकला। ऑडी चलाते हुए दिनेश ने और शराब पी। मांगीलाल शराब लेकर आया था। उसके अन्य साथियों ने कहा कि पहले ही बहुत पी रखी है और मत पी, लेकिन दिनेश नहीं माना। दिनेश ने कहा कि आगे खाना खाएंगे और कार रात 9.18 बजे खरवास सर्किल की तरफ बढ़ा दी। आगे बैठे दिनेश और मांगीलाल ने सीट बेल्ट लगा रखा था। मुकेश और पप्पू ने नहीं लगा रखा था। रात 9.21 बजे पर कार खरवास चौराहे से टकराई। दिनेश का कंट्रोल खत्म हो गया और कार ठेलों पर खाना खा रहे लोगों को रौंदती हुई आगे बढ़ी। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई अन्य 12 लोग घायल हो गए। कार रुकते ही दिनेश और मांगीलाल निकले और दिनेश के घर की तरफ भागे। पप्पू चौधरी और मुकेश घायल हो गए थे, ऐसे में मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें कार से निकाला। मौके पर पहुंचे सीआई मुहाना गुरु भूपेन्द्र ने पप्पू चौधरी को लोगों से बचाया। इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं दिनेश हादसे के बाद अपने घर पत्रकार कॉलोनी में गया और स्कॉर्पियो लेकर घर से फरार हो गया। मांगी लाल और दिनेश की तलाश में पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। 10 दिन पहले ही दिनेश ने ली थी ऑडी कार पत्रकार कॉलोनी थाने के सीआई मदन कडवासरा ने बताया कि कार सवार पप्पू चौधरी और काॅन्स्टेबल मुकेश को डिटेन कर उनका मेडिकल कराया गया। ब्लड सेंपल भी लिए गए। दोनों ने शराब नहीं पी रखी थी। दोनों से हुई पूछताछ में सामने आया है कि दिनेश और मांगीलाल शराब पी रहे थे। दिनेश की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिनेश की ऑडी कार 10 दिन पहले ही डिलीवर हुई थी। यह कार उसने हरे कृष्णा ट्रस्ट दिल्ली से ट्रांसफर कराई थी। गाड़ी की जांच कर ली गई है। कार का किसी भी प्रकार का कोई क्राइम का रिकॉर्ड नहीं है। दिनेश सोलर लगाने का काम करता है। मूल रूप से वह चूरू जिले का रहने वाला है। अब तक की जांच में दिनेश का किसी भी प्रकार का आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के सामने नहीं आया है। वहीं अन्य लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड को पुलिस जांच कर रही हैं।


